मैनपुरी - महा निरीक्षक आगरा परिक्षेत्र आगरा, जनपद के पुलिस नोडल अधिकारी सतीश गणेश ने ट्रांजिस्ट हॉस्टल में विभिन्न विभागों के साथ आयोजित समन्वय बैठक में कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति उत्पीड़न के मामलों में पीडि़तों को नियमानुसार तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति अधिनियम की सबसे ज्यादा घटनाऐं किस सर्किल में घटित हुई है, का विवरण उपलब्ध कराएं साथ ही रेप, एस.सी., एस.टी. एक्ट में कितने ऐसे प्रकरण है जिन्हें अभी तक अंतिम भुगतान नहीं किया गया है की भी सूची उपलब्ध कराई जाए।
आई.जी. रेंज ने अधिशासी अभियंता विद्युत से विद्युत चोरी रोकने, विद्युत आपूर्ति के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि ऐसे उप केन्द्र जहां सबसे ज्यादा लाइन लॉस है को चिन्हित कर लाइन लॉस रोकने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से जानकारी करने पर पाया कि कुछ समय पूर्व जनपद में विद्युत चोरी बड़े स्तर पर की जा रही थी तब लाइन लॉस लगभग 40 प्रतिशत था लेकिन नियमित चेकिंग, निरोधात्मक कार्यवाही के चलते लाइन लॉस में काफी कमी आई है अब यह 40 प्रतिशत से घटकर 27 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने बताया कि नवंबर 18 से अगस्त 19 तक 85 हजार नए उपभोक्ताओं को सौभाग्य योजना, अन्य योजना के अंतर्गत नए विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किए गए हैं, मार्च 20 तक 12 हजार नए कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है, इसके अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर में भी काफी सुधार हुआ है जिस कारण भी लाइन लॉस घटा है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए गांव-गांव कैंप लगाकर नए कनेक्शन स्वीकृत किए जा रहे हैं साथ ही विद्युत का बकाया बिल भी जमा कराया जा रहा है जिन उपभोक्ताओं के विद्युत बिलों में कमी है उन्हें भी सुधारा जा रहा है, विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत बिल जमा करने मैं कठिनाई न हो इसके लिए 250 जन सुविधा केंद्रों को विद्युत बिल जमा करने के लिए अधिकृत किया गया है।
महा निरीक्षक पुलिस ने परिवहन, वन विभाग, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार आदि विभागों की संचालित योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि दीपावली से पूर्व संचालित वृद्धाश्रम, बाल संरक्षण गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं परखीं जाए।
बैठक में जिलाधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ़. एस.क.े सागर, संयुक्त निदेशक अभियोजन डी.के. मिश्रा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कर्दम, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. इन्द्रा सिंह, अधिशाषी अभियंता विद्युत आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- कैलाश गुप्ता
Post a Comment