बहराइच- मा. मंत्री, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री ओम प्रकाश राजभर ने लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन बहराइच में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग अन्तर्गत केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर करें। उन्होंने कहा कि योजनान्तर्गत पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए उन्हें समय से लाभान्वित भी किया जाय।
निरीक्षण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि 01 अप्रैल 2018 की स्थिति के अनुसार जनपद में विभागीय पेंशन योजनाओं के कुल लाभार्थियों की संख्या 15781 थी, जिसके सापेक्ष अब तक 6634 का सत्यापन कराया गया जिसमें से 127 मृतक तथा 20 अपात्र पाये गये। वर्तमान समय में लाभार्थियों की संख्या 15634 है। श्री कुमार ने बताया कि इसके अतिरिक्त नये चिन्हित 1697 लाभार्थियों के सापेक्ष शत-प्रतिशत की स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने यह भी जानकारी प्रदान की कि जिले के कुल लाभार्थियों के सापेक्ष 11831 के आधार कार्ड लिंक कर दिये गये हैं जो कि लगभग 75.67 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि पेंशन लाभार्थियों के भुगतानार्थ रू. 101.82 लाख की धनराशि अपेक्षित है, जिसके सापेक्ष आवंटन शून्य होने के कारण व्यय भी शून्य है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम स्वराज अभियान अन्तर्गत 18 ग्रामों तथा 04 वार्डांे में संचालित अभियान के दौरान 52 लोगों को दिव्यांग पेंशन स्वीकृत किया गया है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत जिले के 1309 छात्र-छात्राओं को पी.एफ.एम.एस. प्रणाली के माध्यम से निदेशालय स्तर से रू. 27.20 लाख की धनराशि प्रेषित कर दी गयी है। इसी प्रकार दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत 7629 छात्र-छात्राओं को रू. 190.93 लाख तथा शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत 5465 छात्र-छात्राओं को रू. 154.22 लाख की धनराशि पी.एफ.एम.एस. प्रणाली के माध्यम से निदेशालय स्तर से प्रेषित की जा चुकी है। ‘‘ओ’’ लेवल कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्य 93 के सापेक्ष 93 तथा ट्रिपल सी योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य 150 के सापेक्ष 150 युवक/युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए चयनित संस्थाओं को क्रमशः रू. 13.95 लाख तथा रू. 5.00 लाख की धनराशि प्रेषित कर दी गयी है।
बैठक के दौरान मा. मंत्री को जानकारी दी गयी कि पुत्री शादी अनुदान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2017-18 में माह मार्च 2018 तक 1085 पुत्रियों को लाभान्वित किया गया है। जबकि वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए आवंटित किये गये भौतिक लक्ष्य के सापेक्ष कार्यवाही की जा रही है। विभागीय मंत्री को यह भी जानकारी प्रदान की गयी कि आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर कार्यालय से सम्बन्धित कोई भी प्रकरण लम्बित नहीं है। प्राप्त हुए सभी 34 सन्दर्भो का निस्तारण करा दिया गया है।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ तोमर, उप जिलाधिकारी पयागपुर डा. संतोष उपाध्याय सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- राज कुमार,

Post a Comment