Ads (600)

पुष्पांजली देवी को उन्नाव के एसपी पद से हटाते हुए लखनऊ डीजीपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है


     उन्नाव रेप कांड और पीड़िता के पिता की हत्या मामले में सीबीआई पूर्व एसपी पुष्पांजली देवी से पूछताछ करेगी. सीबीआई ने पुष्पांजली देवी से मामले में पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है.
     बता दें मामला सामने आने के बाद पुष्पांजली देवी को उन्नाव के एसपी पद से हटाते हुए लखनऊ डीजीपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है. फिलहाल जॉन्डिस से ग्रसित होने की वजह से पुष्पांजली छुट्टी पर हैं. बीमारी का हवाला देकर पुष्पांजली ने सीबीआई से मोहलत मांगी है. कहा जा रहा है कि अगले हफ्ते तक ऑफिस न लौटने की सूरत में सीबीआई पुष्पांजली देवी से उनके घर पर ही पूछताछ कर सकती है.
    गौरतलब है कि रेप पीड़िता की शिकायत के बावजूद एसपी पुष्पांजली देवी पर कार्रवाई न करने का आरोप लगा है. इस मामले में लखनऊ से मांगी गई रिपोर्ट पर भी होगी पूछताछ. इसके अलावा सीबीआई पीड़िता के पिता से मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई पर भी पूछताछ करेगी. इसके अलावा 3 अप्रैल को मामले में आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से फ़ोन पर हुई बातचीत के बारे में भी सीबीआई उनसे पूछताछ करेगी.
बता दें आरोप है कि पीड़िता के पिता की पिटाई के बाद आरोपी विधायक सेंगर ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार सिंह और संतोष कुमार मिश्रा के साथ एसपी से मुलाकात कर भाई अतुल सिंह के खिलाफ कार्रवाई न करने का दबाव बनाया था. सीबीआई ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार सिंह और संतोष कुमार मिश्रा से पहले ही पूछताछ कर चुकी है.
   गौरतलब है कि मामले में आरोपी विधायक सेंगर, उसके भाई अतुल सिंह, सहयोगी शशि सिंह समेत अन्य आरोपी जेल में बंद हैं. सीबीआई मामले में सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जूता रही है.

Post a Comment