शामली के जसाला गांव में जयंत चौधरी ने भाभी और देवर के बीच चल रही तनातनी को शांत कराया...
कैराना लोकसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है. सत्ता की इस लड़ाई में रोज नई दोस्ती बनती दिखाई दे रही है. पिछले दिनों इमरान मसूद द्वारा अपनी राजनीतिक विरोधी तबस्सुम हसन को कैराना में समर्थन देने की खबर अभी चर्चा में चल ही रही थी कि गुरुवार को तबस्सुम को लोकदल प्रत्याशी कंवर हसन का समर्थन मिल गया. कंवर हसन तबस्सुम हसन के देवर हैं और चुनाव में उनके खड़े होने से गठबंधन को वोट कटने का डर सता रहा था. कंवर के इस कदम से बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं.
दरअसल कंवर हसन ने लोकदल पार्टी से कैराना लोकसभा सीट से दावेदारी की थी, जिससे गठबंधन प्रत्याशी के ऊपर हार का संकट मंडरा रहा था, जिससे विपक्ष पार्टियों के खेमे में हलचल मची हुई थी. आज आरएलडी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की पहल पर कंवर हसन ने गठबंधन प्रत्याशी यानी अपनी भाभी तबस्सुम हसन को समर्थन दे दिया. कंवर हसन के समर्थन के बाद बीजेपी प्रत्याशी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं क्योंकि जिन वोटों का बंटवारा भाभी और देवर को लेकर हो रहा था, अब वह एक ही प्लेटफार्म पर आता नजर आ रहा है.
शामली के जसाला गांव में जयंत चौधरी ने भाभी और देवर के बीच चल रही तनातनी को शांत कराया. जयन्त द्वारा बुलाई गई इस मीटिंग में नाहिद हसन के चाचा अनवर हसन व चाचा कंवर हसन सहित सैकड़ो की संख्या में कार्येकर्ता मौजूद रहे. अब कैराना में दोनों साथ मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे और गठबंधन प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे.
Post a Comment