पीड़िता की मां ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसकी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है और पुलिस ...
उन्नाव जनपद में एक बार फिर हैवानियत की घटना सामने आई है. यहां बुधवार को अपनी मां के साथ गंगा स्नान करने गई 9 साल की मासूम को अगवाकर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया. हद तो तब हो गई जब खून से लथपथ बच्ची को लोग लेकर औरास थाने पहुंचे. सीमा विवाद बताकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया. सीमा विवाद में उलझी पुलिस ने खून से लथपथ बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की जगह उसे घंटों थाने में ही बैठाए रखा.
गुरुवार सुबह जब वारदात की खबर मीडिया के माध्यम से सामने आई तो आनन-फानन में पुलिस पीड़िता और उसकी मां को 35 किलोमीटर दूर सफीपुर कोतवाली लेकर पहुंची. इसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया. फिलहाल पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, पीड़ित परिवार औरास थाना क्षेत्र का रहने वाला है. बुधवार को पीड़िता अपनी मां के संग गंगा स्नान करने गई थी. तभी एक शख्स ने उसे दबोच लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. जब बच्ची को न देख मां ने उसकी खोजबीन शुरू की तो देर शाम बच्ची खून से लथपथ जंगल में मिली. इसके बाद परिजन उसे लेकर औरास थाने पहुंचे. पुलिस ने मामला सफीपुर कोतवाली का कहकर मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया. इतना ही नहीं पीड़िता और उसकी मां को रातभर थाने में ही बैठाकर रखा. इस बीच पीड़िता इलाज के आभाव में तड़पती रही.
पीड़िता की मां ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसकी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है और पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है. मां ने बताया कि पुलिस का कहना है कि घटना गंगा घाट पर हुई है. वहीं जाकर मुकदमा लिखवाओ.
गुरुवार सुबह मीडिया में मामला सामने आने के बाद उसे ऑटो से 35 किलोमीटर दूर सफीपुर कोतवाली भेजा गया. जहां मुकदमा पंजीकृत किया गया. इस मामले में उन्नाव पुलिस का बेशर्म चेहरा एकं बार फिर उजागर हुआ है.
Post a Comment