जरवल/बहराइच। बहराइच जिले के जरवल थाना क्षेत्र के गोदौरा गांव में आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। इस मारपीट में छह लोग घायल हुए हैं। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गोदौरा में आम का बाग धनलाल पुत्र अंगनू का है। इसमें इस समय फल लगे हुए हैं। इनको तोड़ने के लिए गांव निवासी मतलूब का पुत्र पहुंच गया। आम तोड़ते देख धनलाल और मतलूब में विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष के लोग लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर मारपीट करने लगे। इसमें दोनों पक्ष के छह लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक वेदराम यादव, देशदीप गिरि, अतिउल्ला, अखिलेश कुमार, प्रदीप यादव, संजय पाल, विनोद कुमार व महिला कांस्टेबिल पप्पी चौधरी मौके पर पहुंचे। सभी ने घायलों का उपचार सीएचसी में कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मतलूब अहमद की तहरीर पर पंकज समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। धनलाल की ओर से मतलूब समेत छह लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्ष के 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
विवेक शुक्ला, जिला संवाददाता
पी न्यूज़ चैनल बहराइच।

Post a Comment