गन्ना हमारा मुद्दा लेकिन जिन्ना की फोटो भी नहीं लगने देंगे
कैराना उपचुनाव में गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने शामली में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान सीएम योगी ने रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के गन्ना और जिन्ना वाले बयान पर पलटवार किया. सीएम योगी ने कहा कि गन्ना किसानों के लिए हम काम करेंगे, गन्ना हमारा मुद्दा है, लेकिन हम जिन्ना की फोटो भी नहीं लगने देंगे. बता दें जयंत चौधरी ने बीजेपी पर हमला करते हुए कैराना उपचुनाव को लेकर कहा था कि यहां जिन्ना मुद्दा नहीं है, गन्ना मुद्दा है.
शामली के राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज के ग्राउंड में सभा को सीएम योगी ने संबोधित किया. इस दौरान बीजेपी के कई कद्दावर नेता भी मौजूद रहे. जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार समस्या नहीं बल्कि समस्या के समाधान का नाम है. बीजेपी सरकार में बिना भेदभाव के लोगों के मुद्दे को आगे बढ़ाया जाता है. नौजवान, किसान, बहू-बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी सरकार की है. उन्होंने कहा कि पहले संगठित अपराधी कारोबारियों से वसूली करते थे, लेकिन एक साल के अंदर हमने इन सबको उनकी सही जगह पहुंचा दिया है. हमारी सरकार सबको सुरक्षा देगी, लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करेगी.
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग भारत की उन्नति नहीं चाहते, जो लोग विकास विरोधी हैं, वो सभी लोग मोदी जी को रोकने के लिए एक साथ आ गए हैं. मोदी जी ने देश के सवा करोड़ लोगों की सुरक्षा और विकास के लिए काम किया है, आज सभी का आशीर्वाद पीएम मोदी जी के साथ है. इसके बाद सीएम योगी ने कहा कि हम कभी ऐसी स्थिति पैदा नहीं होने देंगे, जिससे दंगाई तत्व जागें और समाज को बांटने का काम करें. गन्ना किसानों के लिए हम काम करेंगे, गन्ना हमारा मुद्दा है, लेकिन हम जिन्ना की फोटो भी नहीं लगने देंगे.
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने डार्क जोन के नाम पर यहां के किसानों का शोषण किया. हमारी सरकार किसी को यहां के किसानों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं करने देगी. एक-एक गन्ना किसान का पूरा भुगतान होगा. अगर कोई किसान का शोषण करता है तो उसे हम छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने कहा कि पहले धान और गेहूं का समर्थन मूल्य नहीं मिल पाता था, लेकिन हमारी सरकार किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य दे रही है
Post a Comment