कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की अगुआइ में आज विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में झारखंड ने सौराष्ट्र को 42 रनों से हरा दिया। बेशक झारखंड को यहां जीत मिल गई लेकिन इसके बावजूद मैच के ठीक बाद धौनी सीधे इडेन गार्डन के पिच क्यूरेटर के पास जा पहुंचे। आइए जानते हैं कि क्या था मामला।
दरअसल, इडेन गार्डन की पिच से जैसी उम्मीद की गई थी वो वैसे नहीं निकली। पिच पर इतनी तेजतर्रार थी कि तेज गेंदबाजों का ही पूरे मैच में दबदबा रहा। आलम ये रहा कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारझंड की टीम 27.3 ओवर में 125 रन पर ऑलआउट हो गई जबकि जवाब में उतरी सौराष्ट्र की टीम 25.1 ओवर में 83 रन पर ही सिमट गई। यानी 50-50 ओवर के इस मैच में दोनों टीमें मिलाकर 52.4 ओवर ही खेल सकीं और इतने समय में पूरे 20 विकेट गिर गए। पिच पर उछाल इतना असमान था कि दोनों टीमों की तरफ से तीन-तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार करने में सफल रहे। सिर्फ झारखंड के इशान किशन ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज थे जो कुछ देर तक टिकते हुए अर्धशतक जड़ने में सफल रहे।झारखंड को जीत तो मिली लेकिन पिच के रवैये से धौनी इतना हैरान हुए कि मैच खत्म होते ही सीधे इडेन की पिच तैयार करने वाले सुजान मुखर्जी से मिलने जा पहुंचे। पिच क्यूरेटर सुजान क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के सह-सचिव भी रह चुके हैं। मैच के बाद सुजान ने कहा कि, 'हां, उन्होंने (धौनी) कहा कि विकेट काफी तेज था लेकिन वो कभी शिकायत करने नहीं आए। मैं भी इस पिच से खुश नहीं हूं। मुझे भी लगता है कि गेंद कुछ ज्यादा ही स्विंग हो रही थी।' सुजान के मुताबिक धौनी उनसे खासतौर पर इसलिए मिलने आए थे क्योंकि वो धौनी के अंडर-19 क्रिकेट के दिनों में उनके कोच रह चुके हैं।

Post a Comment