नानपारा/बहराइच। आबकारी महकमे व नानपारा पुलिस की संयुक्त टीम ने नानपारा इलाके के दो गांवों में सोमवार को भोर दबिश दी। इसकी जानकारी होते ही कच्ची शराब बना रहे लोग फरार हो गए, जबकि एक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान भारी मात्रा में कच्ची शराब का जखीरा बरामद किया गया है।
जिलाधिकारी शंभु कुमार व एसपी डाॅ. विपिन कुमार मिश्रा के निर्देश पर आबकारी महकमे व नानपारा कोतवाली पुलिस ने संयुक्त टीम गठित की। जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक अरविंद सिंह, सुनील कुमार व आबकारी महकमे के सिपाहियों, नानपारा कोतवाल ओम प्रकाश सिंह चौहान व पुलिस बल की सयुंक्त टीम ने नानपारा कोतवाली के चंदेला कलां व मनकापुर में कच्ची शराब की बरामदगी को ताबड़तोड़ दबिश दी। टीम ने लगभग आधा दर्जन भट्ठियां, शराब बनाने के उपकरण, दो हजार किलो लहन नष्ट कर दिया। लगभग दो कुंतल चीनी, एक बाइक व 125 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। दबिश की भनक पाकर कच्ची शराब बना रहे लोगों में भगदड़ मच गई, इस बीच एक को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी पहचान नानपारा कोतवाली के चंदेला कलां निवासी सुरेश के रूप में हुई है।
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने बताया कि चंदेला कलां निवासी सुरेश कुमार व पृथ्वी कुमार के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
विवेक शुक्ला,
जिला संवाददाता,
पी न्यूज़ चैनल बहराइच

Post a Comment