Ads (600)

जसपुर/विजनौर, 28 अप्रैल। यूपी के बिजनौर जिले के गांव से बरात लेकर उत्तराखंड बॉर्डर पर पहुंचे दूल्हे को पुलिस ने रोक दिया। दुल्हन और उसके परिजनों को बुलाकर पुलिस चौकी के पास खाली पड़े कमरे में शादी की सारी रस्में पूरी कराई गई। पुलिसकर्मियों ने इसके बाद दूल्हा और दुल्हन को विदा किया।

मोहल्ला गांधी पार्क निवासी शिवानी शर्मा के पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। उनके परिजनों ने ग्राम कासमपुर गढ़ी तहसील अफजलगढ़ जिला बिजनौर निवासी रोहित शर्मा से शादी तय की थी। लॉकडाउन के चलते विवाह में बाधा उत्पन्न हो गई थी। दोनों पक्षों की सहमति से 27 अप्रैल को शादी की तारीख तय हुई थी।

लड़की पक्ष ने शादी के लिए अनुमति पत्र प्राप्त कर लिया था लेकिन वर पक्ष के पास अनुमति पत्र नहीं था। सोमवार को जब दूल्हा बरात लेकर बॉर्डर पर पहुंचा पुलिस कर्मियों ने रोक दिया और धरमपुर चौकी इंचार्ज जीडी भट्ट ने लड़की पक्ष को सूचना दी। लड़की के परिजन बेटी को लेकर बॉर्डर आ गए।

यूपी-उत्तराखंड सीमा पर दोनों पक्षों में विवाह की सहमति बनी तो पंडित को बुलाया गया। मौसम खराब होता देख चौकी इंचार्ज भट्ट ने शादी की रस्मों को पूरा करने के लिए उन्हें चौकी के पास खाली पड़ा कमरा उपलब्ध करा दिया। विवाह की रस्मों के दौरान सामाजिक दूरी का पालन किया गया। दोनों पक्षों से मंजू देवी, बबली देवी, गौरव शर्मा, प्रमोद शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, ललित शर्मा, नरेंद्र शर्मा, रानू शर्मा आदि रहे।

संपादक। संजय शुक्ला, पी न्यूज चैनल।

Post a Comment