फिरोजाबाद- करीब दो वर्ष के बाद समाजवादी पार्टी के मुख्य महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव से मिलने के बाद शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा बयान दिया है। शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को खड़ा करने के साथ ही मुलायम सिंह यादव तथा अखिलेश यादव के लिए उन्होंने जमकर पसीना बहाया। इसके बाद भी उनको कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
प्रोफेसर रामगोपाल यादव के आज जन्मदिन पर फीरोजाबाद पहुंचे शिवपाल यादव ने उनके साथ केक काटा और फिर उनको खिलाया। उन्होंने आज भी सभी को चापलूसों से दूर रहने की सलाह दी। इस दौरान बड़ा भाई कहकर प्रोफेसर रामगोपाल को जन्मदिन की बधाई भी दी। फीरोजाबाद के रामलीला मैदान में प्रो. रामगोपाल यादव का 72 वां जन्मदिन समारोह मनाया जा रहा है।
शिवपाल यादव ने इसके बाद मीडिया से कहा कि हमने समाजवादी पार्टी में काफी मेहनत की। पार्टी को खड़ा करने के साथ ही तीन बार मुलायम सिंह यादव (नेताजी) और एक बार अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भी हमारा बड़ा योगदान रहा है। मगर हमें जो मिलना चाहिये वो हासिल नहीं हुआ। इतना काम करने के बाद भी पार्टी में जो मेरा अपमान हुआ है, उसी का परिणाम है कि हम अब इस स्थिति में पहुंचे हैं। वहां पर बस पांच से दस मिनट रुकने के बाद लखनऊ रवाना हो गए।
समाजवादी पार्टी में कलह के बाद करीब दो साल बाद आज पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के जन्मदिन पर बड़ा करिश्मा देखने को मिला। इसी के साथ तय हो गया कि समाजवादी पार्टी में अब विरोध की गति काफी मंद हो गई है। प्रोफेसर रामगोपाल यादव के धुर विरोधी माने जाने वाले शिवपाल सिंह यादव आज उनके जन्मदिन पर उनको बधाई देने पहुंचे। प्रोफेसर रामगोपाल यादव के 72 वें जन्मदिन पर शिवपाल सिंह यादव भी शहर के होटल अमर आशियाना में आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचे।
यह दोनों नेता करीब दो वर्ष बाद सार्वजनिक रूप से एक मंच पर दिखाई पड़े। रामगोपाल यादव ने अपने जन्मदिन पर शिवपाल सिंह यादव के साथ केक काटा। इसके बाद प्रोफेसर रामगोपाल ने शिवपाल यादव को केक भी खिलाया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम सेवक यादव के साथ गंगापुरा प्रधान अरविंद यादव फेरू व पूर्व मंत्री के पी सिंह चौहान ने भी रामगोपाल यादव को केक खिलाया,प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने आज कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम प्रोफेसर रामगोपाल यादव को 72 वें जन्मदिन की बधाई देते हैं। परिवार में अब तो कोई विवाद नहीं है प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ एक मंच पर आकर जनविरोधी सरकार को उखाडऩा होगा।
रिपोर्ट- पी न्यूज़ डेस्क,

Post a Comment