सृजन घोटाला के खिलाफ रविवार को भागलपुर में राजद की रैली हो रही है। रैली को संबोधित करने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित राजद के सभी बड़े नेता पहंचे हैं। इसमें इसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सृजन घोटाले की कहानी को राजद की जुबानी अपने समर्थकों को सुनाने वाले हैं।
लालू की जनसभा- तेजस्वी यादव ने कहा कि इस सभा का नाम सृजन के दुर्जनों का विसर्जन रखा गया है। पटना की भाजपा भगाओ देश बचाओ रैली में हमने एलान किया था कि बिहार के हर जिला में जाकर सृजन के दुर्जनों का पर्दाफाश करेंगे। भागलपुर में ही इस घोटाले की शुरूआत हुई है। करीब 2000 करोड़ का घोटाला हुआ है।
आज जो सत्ता के नशे में बिहार की सरकार अंधी है। पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा नीतीश, सुशील मोदी, शहनवाज, निशिकांत सभी ने मिलकर खजाना लूटा। तेजस्वी तो एक बहाना था, असली मकसद तो बीजेपी की गोद में जाना था। सृजन घोटाले को छुपाना था।
जब हम सरकार में थे तो तो इन्हें घोटाला करने का मौका नहीं मिल रहा था। उन्हें घोटाला करने वाला पार्टनर चाहिए था। इसलिए वे भाजपा के साथ चले गये।
तेजस्वी ने पूछा कि जब सृजन घोटाला हुआ तो कहां गया आपका अंतरात्मा। आपको तो इस्तीफा देना चाहिए था। आपके अंदर लानत आत्मा है। मोदी आत्मा है। जब तक बिहार की जनता सड़कों पर नहीं उतरेगी, सृजन के घोटालेबाजों पर कार्रवाई नहीं हो पायेगी।
- रैली में तेजप्रताप यादव अपने पिता लालू यादव के रंग में नजर आ रहे हैं। पिता के अंदाज में माइक वालों को कहा कि जरा आवाज बढ़ाइये ताकि जनता को सब साफ-साफ सुनाई दे। सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सृजन घोटाले में शामिल किसी को हम छोड़ने वाले नहीं है। पूरे बिहार में इसका पर्दाफाश हो रहा है।
जदयू पर निशाना साधते हुए कहा कि नीरज कुमार जो लेटर भेजते हैं, मेरी मां राबड़ी देवी पर अारोप लगाते हैं। कुछ ही समय में दुर्गापूजा आ रहा है। जिस तरह से महिषासुर का वध मां दुर्गा ने किया था, मेरी मां नीरज कुमार जैसे महिषासुर का वध करेगी। सृजन के दुर्जनों का संहार करेगी। पूरा बिहार लालू एंड फैमली है। जिसको हमसे लड़ना है, मैदान में आकर लड़े। पता चल जायेगा कि किसमें कितना दम है।
- रैली में लालू के करीब पहुंचने की होड़ में भीड़ बेकाबू हो गई। समर्थक बैरिकेड को ताेड़ 'डी' एरिया में घुस गए। उन्हें सुरक्षा कर्मियों ने बाहर निकाला।
- रैली में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद व उनके दोनों बेटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तथा पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव पहुंच चुके हैं।
- रैली में पार्टी उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह पहुंच चुके हैं। अन्य नेताओं का आना जारी है।
- बेलहर के एमएलए रामदेव यादव व सांसद बुलो मंडल मंच पर पहुंच चुके हैं। अन्य नेताओं का आना जारी है। लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव तथा तेजप्रताप यादव का इंतजार हो रहा है।
- राजद का दावा है कि रैली में रिकार्डतोड़ भीड़ जुटेगी, लेकिन अभी तक अपेक्षित संख्या में समर्थक नहीं आ सके हैं। मैदान खली-खाली लग रहा है।
- समर्थक तरह-तरह के वेश में व ढ़ोल-नगाड़ों के साथ सभा स्थल पर पहुंच रहे हैं। लोगों के आने का सिलसिला जारी है।
- भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में होने वाली रैली में राजद सुप्रीमो 12 बजे के तय समय पर नहीं पहुंच सके। उपस्थित भीड़ लालू प्रसाद के इंतजार में है।
लालू से मिलने वालों का लगा तांता- रैली के पहले भागलपुर पहुंचे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद स्थानीय परिसदन में ठहरे। परिसदन परिसर नेताओं व कार्यकर्ताओं से भरा रहा। वहां लालू से मिलने पीरपैंती विधायक राम विलास पासवान, कटोरिया की विधायक स्वीटी हेम्ब्रम, सांसद जयप्रकाश नारायण यादव व पूर्व मंत्री सुरेश पासवान सहित इलाके के सभी बड़े राजद नेता पहुंचे।
सीबीआइ पूछताछ के ठीक पहले जनसभा- रेलवे होटल घोटाले में पूछताछ के लिए सीबीआइ की तय तारीख से एक दिन पहले लालू और तेजस्वी भागलपुर के सैंडिस मैदान में जनसभा का आयोजन होगा, जिसे 'सृजन के दुर्जनों की विसर्जन महासभा' का नाम दिया गया है।
लालू को राज्य सरकार कि खिलाफ मिला सृजन का हथियार- राज्य में महागठबंधन सरकार के बिखरने और सत्ता से राजद के बेदखल होने के बाद भाजपा-जदयू की सरकार से लालू-तेजस्वी खफा हैं। कई तरह के आरोपों से घिरे लालू को सृजन घोटाले के रूप में नया हथियार मिल गया है। राजद प्रमुख की नजरों में यह मध्य प्रदेश के 'व्यापम' घोटाले की तरह है, जिसे तूल देकर वे अपने सियासी प्रतिद्वंद्वियों को उसी दलदल में खींचने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें विरोधियों ने उन्हें पहले से खींच रखा है। चारा घोटाले में अदालत का सामना कर रहे राजद प्रमुख सृजन को बिहार का सबसे बड़ा घोटाला बताकर समर्थकों की सहानुभूति अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं।
नीतीश-सुशील मोदी को घेरने को ले तेजस्वी भी मुखर- तेजस्वी भी सृजन घोटाले के मुद्दे पर लगातार मुखर हैं। वे सीएम नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर लगातार हमले कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष भाजपा-जदयू की सरकार को कठघरे में खड़ा करने की तैयारी में हैं। तेजस्वी ने 27 अगस्त को ही पटना के गांधी मैदान की भाजपा भगाओ रैली के दौरान मंच से ही इस यात्रा का ऐलान कर रखा था। इसके पहले विधानमंडल के मानसून सत्र में भी राजद के विधायकों ने लगातार पांच दिनों तक इसी मुद्दे पर सदन में हंगामा किया था।

Post a Comment