रांची राजधानी एक्सप्रेस के बेपटरी होने के एक दिन बाद ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। यात्रियों के उतरने के बाद ट्रेन यार्ड में जा रही थी इसी दौरान यह हादसा हुआ। इसमे कोई जान का नुकसान नहीं हुआ लेकिन कुछ ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
वाराणसी से नई दिल्ली स्टेशन पर पहुची काशी विश्र्वनाथ एक्सप्रेस को शाम चार बजे वाशिंग लाइन की तरफ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन का इंजन बेपटरी हो गया। प्लेटफॉर्म नबर एक के पास हुई इस दुर्घटना की खबर मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और इंजन को वापस पटरी पर लाने का प्रयास किया। जिस स्थान पर इंजन का पहिया बेपटरी हुआ वहां पटरी की कई क्लिप टूटी हुई मिली। इससे कहा जा रहा है कि पटरी का सही ढंग से रखरखाव नहीं होने के कारण यह दुर्घटना हुई है।
वहीं, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा। इस दुर्घटना की वजह से नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी, नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल राजधानी, चडीगढ़ शताब्दी ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रवाना नहीं हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले ढाई महीने में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के बेपटरी होने की यह चौथी घटना है। स्टेशन व उसके पास हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार से पटरियों की मरम्मत का काम शुरू किया गया है। इस कारण कई ट्रेनों को शनिवार व रविवार को निरस्त कर दिया गया।

Post a Comment