अमरीष मनीष शुक्ला,इलाहाबाद। सपा सरकार में जब डिंपल यादव इलाहाबाद के हंडिया पहुंची थी तब जिस तरह कार्यकर्ता अनियंत्रित हो गये थे और डिंपल को उन्हे डपटना पड़ा था। उससे भी बिगड़े हालात का सामना कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को करना पड़ा। दरअसल नंदी का हैलीकॉप्टर जैसे ही लैंड हुआ अति-आत्मविश्वास से लबरेज कार्यकर्ता दौड़ने लगे। पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ कर कार्यकर्ता हैलीकॉप्टर पर चढने लगे। हालात अनियंत्रित होते देख नंदी हैलीकॉप्टर के दूसरी ओर से उतरे और बदहवास सुरक्षा घेरे में कार की ओर भागे। पुलिस जवान गार्ड ऑफ ऑनर के लिये तैयार थे। लेकिन भगदड़ में वह भी नहीं हो सका। जैसे तैसे मंत्री जी को कार तक पहुंचाया गया ।
लेकिन कार तक पहुंचने में नंदी पसीने से भीग गये। हर कोई अपने नेता का स्वागत करना चाहता था। हर कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था। इस चक्कर में पुलिस की भी हालत पतली नजर आयी । इसके बाद वह बालसन चौराहे पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे ।

Post a Comment