न्यूजीलैंड के धमाकेदार ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 180 रनों की पारी खेलकर वनडे क्रिकेट के सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ने का काम किया है।
गप्टिल ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 180 या इससे ज्यादा रन बनाने के मामले में वनडे के महान क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर, विवियन रिचर्ड्स और रोहित शर्मा को पीछे कर दिया। इन तीनों खिलाड़ियों में इस समय केवल रोहित शर्मा ही क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन सचिन और रिचर्ड्स को उनके वनडे क्रिकेट की शैली और रिकॉर्ड के लिए हमेशा याद किया जाता है।
30 साल के गप्टिल ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 138 गेंदों पर अपनी नाबाद 180 रनों की आक्रामक पारी में 15 चौके और 11 छक्के जमाए। यह तीसरा मौका है, जब इस बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट में 180 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसा करने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं।
इससे पहले विवियन रिचर्ड्स, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और मार्टिन गप्टिल दो-दो बार 180 से ज्यादा का स्कोर बना चुके थे। इस मैच से पहले ये चारों खिलाड़ी रिकॉर्डबुक में एकसाथ मौजूद थे। इस पारी की बदौलत अब गप्टिल बाकी तीनों खिलाड़ियों से आगे निकल चुके हैं।

Post a Comment